भास्कर न्यूज | बाड़मेर राष्ट्रीय व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आमजन व विशेष योग्यजन को विधिक सहायता, अधिकारों के प्रति जागरूक करने के अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बाड़मेर के सचिव मुकेश कुमार ने सोमानियों की ढाणी में संचालित श्री सत्य साईं मूक-बधिर एवं नेत्रहीन विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। सचिव मुकेश कुमार कक्षा-कक्षों में पहुंचे। दिव्यांग बच्चों से अलग-अलग संवाद किया। बच्चों से नाम पूछे। रुचियां जानीं। स्कूल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि पढ़ाई में किसी तरह की बाधा तो नहीं है। किसी तरह का भेदभाव तो नहीं हो रहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौजूद शिक्षकों से दिव्यांग बच्चों के लिए अपनाई जा रही विशेष शिक्षण पद्धतियों की जानकारी ली। उपलब्ध संसाधनों के बारे में भी पूछा। सचिव ने स्कूल की शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति जांची। पढ़ाई का स्तर देखा। परिसर का माहौल देखा। कमरों की साफ-सफाई परखी। बच्चों के स्वास्थ्य व स्वच्छता से जुड़े पहलुओं का अवलोकन किया।