सीकर जिले के रामगढ़ सेठान थाना इलाके के तिहावली गांव में सोते हुए परिवार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आपसी रंजिश को लेकर गांव के ही सरपंच प्रतिनिधि सहित अन्य लोगों ने हमला किया। इस घटना में जनरल स्टोर संचालक की मौत हो गई। जबकि उसके बेटे को गंभीर हालत में इलाज के लिए जयपुर रैफर किया गया। परिवार के अन्य लोग भी हमले में घायल हुए। इधर परिवार का आरोप है कि घटना के तीन घंटे बाद तक पुलिस नहीं पहुंची जबकि हमला करने वाले सरपंच प्रतिनिधि और अन्य बदमाश उन्हें घर के बाहर खड़े होकर धमकाते रहे। दरअसल तिहावली गांव की रहने वाले प्रकाश सिंह पुत्र सल्लू सिंह और उसके परिवार के लोग रात को खाना खाकर सो गए थे। इसी दौरान सरपंच प्रतिनिधि ओम सिंह सहित अन्य लोग घर पर आए। जिन्होंने हमला करना शुरू किया। इस घटना में प्रकाश सिंह, प्रकाश सिंह का बेटा अभिजीत सिंह और मां नैन कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। हमला होने के बाद परिवार ने रामगढ़ सेठान पुलिस थाने में फोन किया लेकिन 3 घंटे तक पुलिस मौके पर ही नहीं आई। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों को कॉल किया। परिवार के लोग करीब 20 किलोमीटर दूर से आए और फिर अस्पताल लेकर गए। मृतक प्रकाश सिंह की बेटी सपना ने बताया कि घटना रात को करीब 11 से 11:30 के बीच की है। ओम सिंह और उसके परिवार के लोग आए। जिन्होंने हमला करना शुरू किया। इस दौरान जब भाई ने वीडियो बनाना चाहा तो हमला करने वाले लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। प्रकाश सिंह की पत्नी पिंकी का कहना है कि रात को हमला करने वालों में एक पुलिसकर्मी सहित सरपंच प्रतिनिधि ओम सिंह और उसके परिवार के लोग शामिल हैं। रात को घटना होने के बाद 3 घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जब भी फोन करते तो कोई ना कोई बहाना तैयार रखती। दरअसल मृतक प्रकाश सिंह ने सरपंच प्रतिनिधि ओम सिंह द्वारा किए गए भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत की थी। इसके चलते ही वह प्रकाश सिंह से रंजिश रखता था।