सीकर में एक गैस एजेंसी का डिलीवरी मैन उपभोक्ताओं (ग्राहक) के 50 गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गया। वह गोदाम से डिलीवरी देने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में ड्राइवर की डिलीवरी गाड़ी (पिकअप) सीकर के राधाकिशनपुरा अंडरपास के पास एक गली में लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसमें से सभी सिलेंडर गायब थे। फिलहाल, आरोपी ड्राइवर का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है और गोकुलपुरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। 5 जुलाई से लापता है आरोपी विक्रम गैस एजेंसी के गोदाम प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने गोकुलपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 5 जुलाई को डिलीवरी मैन विश्वेंद्र सिंह गोदाम से 50 घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई देने के लिए रवाना हुआ था। इसके बाद जब उससे संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला। अंडरपास के पास खड़ी मिली गाड़ी शिकायत में आगे बताया- काफी तलाश करने के बाद पता चला कि जो पिकअप गाड़ी वह डिलीवरी के लिए ले गया था, वह राधाकिशनपुरा अंडरपास के पास खड़ी थी। गाड़ी में एक भी गैस सिलेंडर नहीं था। गायब हुए इन घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। डिलीवरी मैन इन सिलेंडरों को अवैध रूप से बेच सकता है या उनकी कालाबाजारी कर सकता है। गोदाम प्रभारी वीरेंद्र की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ, तलाश जारी गोकुलपुरा पुलिस थाने के ASI रामकुमार ने बताया- आरोपी का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ अन्य स्रोतों (सूत्रों) की मदद से आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।