सीकर जिले के एक धार्मिक स्थल पर 23 साल की युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती ने धार्मिक स्थल पर काम करने वाले प्राइवेट सुरक्षा गार्ड पर आरोप लगाया है। वहीं प्राइवेट गार्ड ने इस मामले में युवती पर जानबूझकर मारपीट करने और अपमानित करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। दोनों क्रॉस केस की पुलिस जांच कर रही है। 23 साल की युवती ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि वह 1 अप्रैल को परिवार के लोगों के साथ धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए गई थी। इसी दौरान वहां पर ड्यूटी कर रहे एक प्राइवेट सुरक्षा गार्ड ने उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। वहीं प्राइवेट सुरक्षा गार्ड ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि वह अपने ड्यूटी पॉइंट पर था। इसी दौरान वहां एक युवती दर्शन करने के लिए आई। जिसने जानबूझकर मारपीट की और फिर वहां पर चिल्लाकर अपमानित करने लगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया है। पुलिस मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।