सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति पाने का अवसर है। नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा-2026 के माध्यम से राजस्थान के 5471 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए की छात्रवृत्ति मिलेगी। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 अक्टूबर से शुरू होंगे और अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। परीक्षा 20 दिसंबर को आयोजित होगी। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन जारी रखने पर चार वर्ष तक छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस अवधि में प्रत्येक विद्यार्थी को कुल 48 हजार रुपए मिल सकेंगे। राशि का भुगतान सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। राजस्थान के लिए निर्धारित 5471 छात्रवृत्तियों के लिए चयन जिला मेरिट और श्रेणीवार वर्गीकरण के आधार पर होगा। परीक्षा में दो भाग होंगे। मानसिक योग्यता परीक्षण (एमएटी) में 90 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनसे विद्यार्थियों की तर्कशक्ति और आलोचनात्मक सोच का आकलन होगा। सामान्य वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक जरूरी परीक्षा में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे, जबकि एससी-एसटी वर्ग के लिए न्यूनतम 32 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार 3 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। चयन के लिए निर्धारित न्यूनतम अंकों के साथ मेरिट में स्थान प्राप्त करना भी जरूरी होगा।