सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए ग्राम रथ अभियान सोमवार को सेमारी ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों में पहुंचा। इनमें कुराड़िया, सेमारी और श्यामपुरा शामिल हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में अतिरिक्त विकास अधिकारी रामलाल गाडरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष केसर सिंह राठौर, बीडीओ सुभाष मधुकर व्यास, सरपंच प्रतिनिधि सतीश मीणा और मंडल मंत्री नारायण देवासी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे। अभियान के तहत एलईडी स्क्रीन के माध्यम से 13 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश भी ग्रामीणों को सुनाया गया। लोक कलाकारों ने गीत, भजन और नुक्कड़ नाटकों के जरिए योजनाओं को सरल व रोचक भाषा में प्रस्तुत कर ग्रामीणों को जागरूक किया। अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीणों को जागरूक करना है।