श्रीगंगानगर। सिंगापुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से करीब 8 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। परिवादियों के इस्तगासे पर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई महावीर को सौंपी है। पुलिस के अनुसार बापूनगर, इंद्रा चौक निवासी मोहम्मद इमरान पुत्र महबूब अली और दुर्गा विहार गली नंबर 1 निवासी तरुण पुत्र हनुमान सोनी ने मुंबई निवासी असलम मोहम्मद मोमीन और पुरानी आबादी वार्ड नंबर 4 निवासी बशीर खान के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इमरान ने बताया कि वर्ष 2025 में उसकी मुलाकात असलम से हुई, जिसने खुद को ए-टू-जेड वीजा सर्विस प्राइवेट लिमिटेड का मालिक बताया। उसने लोगों को विदेश भेजने का भरोसा दिलाया और बशीर खान से भी मिलवाया। आरोप है कि दोनों ने सिंगापुर में नौकरी, रहने और खाने की व्यवस्था कराने का आश्वासन देकर 8 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद मोबाइल पर टिकट और वीजा भेजकर दिल्ली बुलाया। दिल्ली में जामा मस्जिद के पास ठहरने के दौरान आरोपियों ने वीजा में तकनीकी दिक्कत बताकर देरी की बात कही। इस्तगासे के अनुसार 8 जुलाई 2025 को दिया गया वीजा जांच में फर्जी निकला। किसी तरह दोनों सिंगापुर पहुंचे, लेकिन वर्क वीजा की बजाय टूरिस्ट वीजा मिला जिसकी अवधि भी समाप्त हो गई। आरोपियों ने मलेशिया जाने की सलाह दी, लेकिन वहां भी वर्क वीजा नहीं मिला। इस पर वह भारत लौट आया।