सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र के शेषपुर कस्बे में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बीती रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 36 तोला सोना, चांदी के आभूषण और 2 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। एक ही रात में तीन मकानों के ताले टूटने से इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है। झल्लारा थाना पुलिस के अनुसार, प्रार्थी भवानी शंकर सरवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह 29 अप्रैल को निजी कार्य से वडोदरा (गुजरात) गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी 30 अप्रैल को अपने मायके गनोड़ा (बांसवाड़ा) चली गई थीं। घर खाली होने की जानकारी मिलते ही चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के कमरों में रखी अलमारियों और लोहे के कबर्ड के ताले तोड़ दिए। इसके बाद उन्होंने घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और 2 लाख रुपये नकद पार कर दिए। सुबह जब पड़ोसियों ने मकान के ताले टूटे देखे तो तुरंत भवानी शंकर को सूचना दी। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और ऊपरी मंजिल में रखी भारी अलमारी भी टूटी हुई थी। एक ही रात में तीन मकानों में चोरी की कोशिश जानकारी के मुताबिक, चोरों ने भवानी शंकर के मकान के पास स्थित एक अन्य घर और मुख्य मार्ग पर बने तीसरे मकान का भी ताला तोड़ा। हालांकि शुरुआती जानकारी में इन दोनों घरों से किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। लगातार तीन स्थानों पर सेंधमारी की कोशिश से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर नाराजगी और चिंता बढ़ गई है। पुलिस मौके पर पहुंची, संदिग्धों की तलाश शुरू घटना की सूचना मिलते ही बीट कांस्टेबल नयनपाल सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक हेरंब जोशी, एएसआई राजेश कुमार और जुलेदार पठान अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में भी पूछताछ की जा रही है।