डीग के ऐतिहासिक गांव सिनसिनी को सेत गांव से जोड़ने वाली सड़क की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव ने शुक्रवार को सड़क का निरीक्षण किया और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। श्वेता यादव ने बताया कि सेत से सिनसिनी तक की सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। इससे आमजन, किसान, छात्र-छात्राएं और वाहन सवार प्रतिदिन परेशानी का सामना कर रहे हैं। बरसात में सड़क पर पानी भरने से आवागमन और कठिन हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि यह सड़क स्वीकृत होने के बावजूद लंबे समय से बदहाल है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इसकी सूचना दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासन की इस उदासीनता से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। श्वेता यादव और ग्रामीणों ने सड़क का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) डीग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर जन आंदोलन किया जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।