शाहाबाद में अहिंसा सर्किल के पास सिरसा नदी पुल के नीचे एक अधेड़ व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से उसे अस्पताल पहुंचाया। व्यक्ति सिरसा नदी के किनारे अचेत पड़ा था। सूचना मिलने पर एएसआई रामचंद्र मीणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण, एएसआई मीणा और ग्रामीणों ने मिलकर व्यक्ति को कंधे पर उठाकर सिरसा नदी के पुल तक पहुंचाया। वहां से उसे एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया। अधेड़ व्यक्ति को तुरंत शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। उसकी पहचान राजकुमार पुत्र परमानंद शर्मा के रूप में हुई, जो मूल रूप से कस्बाथाना का निवासी है और वर्तमान में कोटा में रहता है। परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद राजकुमार के छोटे भाई तुलसीराम शर्मा शाहाबाद अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने राजकुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बारां रेफर कर दिया। स्थिति में सुधार न होने पर उसे बारां से कोटा रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।