जोधपुर में केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- कांग्रेस अब भगवान राम को पॉलिटिकल अपॉर्च्युनिटी मानकर रामभक्त दिखाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा- पहले जिन लोगों ने भगवान राम के अस्तित्व को नकारा था। वे जनेऊ पहनकर अपने आप को रामभक्त दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। जोधपुर में रविवार को गजेंद्र सिंह शेखावत ने सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए यह कहा। राममंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री शेखावत ने कहा- कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने स्पष्ट हो चुका है। कांग्रेस के लोग उस कुनबे से आते हैं, जिन्होंने राम के अस्तित्व को नकारा था। केवल शब्दों में नहीं सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट फाइल करके कहा था कि राम कपोल कल्पना हैं। जनता ने जब उन्हें नकार दिया, तब उल्टी जनेऊ पहनकर कई बार शिवजी के मंदिर में जल चढ़ाते हुए वे दिखे थे। मंत्री शेखावत ने बताया- क्रीड़ा भारती जोधपुर प्रांत 26 जुलाई को 'करगिल विजय दिवस' के रूप में मनाएगा। बता दें कि शेखावत को आयोजन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान शेखावत ने कहा- 'करगिल विजय दिवस' केवल एक तिथि नहीं, बल्कि सैनिकों के साहस, संकल्प, राष्ट्र के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी लाखों बलिदानों से मिली है। उसकी रक्षा के लिए आज भी देश के सैनिक सीमाओं पर कठिनतम परिस्थितियों में डटे हुए हैं। शेखावत ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कथन पूरी तरह सत्य है कि "जो देश अपने वीरों का सम्मान नहीं करता, वह कभी महान नहीं बन सकता।" उन्होंने कहा- सैनिकों का सम्मान और राष्ट्र नायकों पर गर्व ही किसी राष्ट्र को महान बनाता है। केंद्रीय मंत्री ने बताया- क्रीड़ा भारती लगातार दूसरी बार जोधपुर में भव्य करगिल विजय दिवस समारोह आयोजित करेगी। उन्होंने खुद को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा- मुझे इस आयोजन समिति का अध्यक्ष बनने का अवसर मिला है। सैनिकों, शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- इस बार आयोजन में जोधपुर की पर्वत शृंखलाओं पर करगिल युद्ध की प्रमुख चोटियों जैसे टोलोलिंग, टाइगर हिल, प्वाइंट 5140 सहित अन्य मोर्चों पर भारतीय सेना के शौर्य का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। इससे नई पीढ़ी सैनिकों के संघर्ष, साहस और बलिदान को प्रत्यक्ष रूप से महसूस कर सकेगी। शेखावत ने कहा- कार्यक्रम के दौरान करगिल युद्ध के वीर सैनिकों, शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने कहा- राष्ट्रभक्ति केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में आंतरिक सुरक्षा मजबूत होने तथा नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण का भी उल्लेख किया। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त होगा समारोह गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- इस वर्ष के करगिल विजय दिवस आयोजन को "प्लास्टिक मुक्त भारत" अभियान से भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा- भारत में प्रति व्यक्ति प्लास्टिक की खपत विकसित देशों की तुलना में काफी कम है, लेकिन प्लास्टिक के उचित निस्तारण के प्रति जागरूकता की कमी के कारण यह बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि समारोह पूरी तरह सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त होगा। लोगों को प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। उनका मानना है कि राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित होकर यदि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प लें तो देश को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती जोधपुर के प्रांत सचिव ओमप्रकाश पुरोहित, जोधपुर महानगर अध्यक्ष वरुण धनाडिया, कार्यक्रम संयोजक नवीन मोहनोत और भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।