दैनिक भास्कर और अपेक्स यूनिवर्सिटी जयपुर की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। श्रीनाथपुरम-डी स्थित शिव ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित इस गरिमामय समारोह में सीबीएसई और आरबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और मंच पर अपने लाडलों को मान पाते देख माता-पिता की आंखें गर्व से छलक आईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आरटीयू के कुलगुरु प्रो. निमित रंजन चौधरी ने युवाओं को जीवन में बड़े विजन के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज जो पहला कदम (गोल) आपने पार किया है, इससे अपने भीतर वो आत्मविश्वास जगाएं कि अब आपको आगे बढ़ने के लिए बहुत सहारे की जरूरत नहीं है। जीवन की शुरुआत में हमारे लक्ष्य व्यक्तिगत होते हैं, लेकिन असल मायने में वही लक्ष्य सबसे बेहतरीन हैं जो समाज और देश के कल्याण के काम आ सकें। कोटा डेयरी के चेयरमैन चैनसिंह राठौड़ ने दैनिक भास्कर और अपेक्स यूनिवर्सिटी के इस संयुक्त प्रयास को सराहते हुए कहा कि शिक्षा नगरी के बच्चों को प्रोत्साहित करने का यह सिलसिला बहुत बेहतरीन है। उन्होंने अभिभावकों और बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि इंसान के जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं। माता-पिता का साथ छूट सकता है, धन-दौलत भी जा सकती है, लेकिन 'विद्या' एक ऐसी अनमोल पूंजी है जो इंसान के जीवित रहने से लेकर उसके आखिरी समय तक उसका साथ कभी नहीं छोड़ती। कोटा रेंज के एडिशनल एसपी (क्राइम एंड विजिलेंस) बैनी प्रसाद मीना ने अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों और यादों को ताजा किया। उन्होंने कहा कि स्कूल केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि हमें समाज में रहने, संघर्ष करने और आगे बढ़ने का सामर्थ्य देता है। उन्होंने बच्चों को नसीहत दी कि किताबी कीड़ा बनने से बेहतर है कि हम संस्कारी बनें। उन्होंने पॉक्सो एक्ट के प्रति भी जागरूक किया ताकि मासूम बच्चे किसी भी अनजाने जाल में फंसने से बच सकें। माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष व नागरिक सहकारी बैंक के चेयरमैन राजेश बिरला ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओ को आगे लेकर आती है। वो बेहतर कर पाते है। अपेक्स यूनिवर्सिटी जयपुर के डीन रिसर्च प्रो राजेश सिंघल ने 12वीं बोर्ड में उत्कृष्ट सफलता पाने वाले स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा की अच्छे करियर की दिशा एवं दशा का निर्धारण एक सही कोर्स के चुनाव से होता है | वर्तमान में न्यू-एज कोर्सेस जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, और स्किल-बेस्ड कोर्सेस की मांग सबसे अधिक है। अपेक्स यूनिवर्सिटी छात्रों को इन्हीं आधुनिक तकनीकों और रिसर्च-ओरिएंटेड माहौल से जोड़ने का काम कर रही हैं। हौसलों को नई उड़ान देने का एक अद्भुत मंच शिव ज्योति एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन महेश गुप्ता ने कहा कि यह समारोह न केवल प्रतिभाओं की लगन को सराहने का, बल्कि उनके हौसलों को नई उड़ान देने का एक अद्भुत मंच साबित हुआ है। समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा करियर काउंसलिंग, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य की संभावनाओं पर प्रेरक संदेश दिए गए, जिससे विद्यार्थियों को आगे की राह चुनने में मदद मिली। इस दौरान कोटा डेयरी के एमडी दिलखुश मीना, अपेक्स यूनिवर्सिटी जयपुर के डीन रिसर्च प्रो. राजेश सिंघल भी मंच पर मौजूद रहे। दैनिक भास्कर कोटा न्यूज़ एडिटर शैलेंद्र माथुर, सिटी हेड वसीम खान एवं टीम भास्कर ने उपस्थित अतिथिगण एवं स्टूडेंट्स एवं अभिभावकों का अभिवादन किया |