जयपुर में पुलिस थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर शिव मंदिर में चोरी हो गई। बदमाश मंदिर का दानपात्र और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। लोग सुबह मंदिर पहुंचे, तब चोरी का पता चला। भगवान की प्रतिमाएं और श्रृंगार सामग्री मंदिर परिसर से बाहर बिखरी मिलीं। घटना मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात की है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस मुरलीपुरा थानाधिकारी विरेंद्र कुरिल ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस गश्त पर उठा सवाल मुरलीपुरा सर्किल पर शिव मंदिर है। इस मंदिर की दूरी पुलिस थाने से भी कम है। ऐसी जगह पर चोरी की घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। घटना से नाराज लोगों ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।