शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भजन गायक छोटू सिंह रावणा के बीच सोशल मीडिया कमेंट को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। छोटू सिंह बुधवार को अपने समाज के लोगों के साथ शिव थाने पहुंचे और भाटी के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने छोटूसिंह रावणा की रिपोर्ट पर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और 5 अन्य के खिलाफ मानहानि और निजता के हनन का मामला दर्ज किया है। थाना अधिकारी सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया- रिपोर्ट के साथ एक पेन ड्राइव और कुछ डॉक्यूमेंट दिए हैं। उनको शामिल कर जांच के लिए CID-CB को भेजी जाएगी। सड़क का वीडियो बना दिया, इसी से हलचल मच गई छोटू सिंह ने शिव विधानसभा में एक टूटी सड़क के वीडियो का जिक्र करते हुए कहा- मैंने चलते-चलते आपकी विधानसभा (शिव) की एक सड़क का वीडियो बना दिया। इसी से हलचल मच गई। अगर मैं तुम्हारी (शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी) बैंड बजाने लग गया तो शिव की सारी सड़कों के हालात दिखा दूंगा। छोटू सिंह रावणा ने कहा- मेरे मित्र मुझे बहुत बोलते हैं कि आप कहो तो सोशल मीडिया पर कमेंट्स कर दें। मैं उन सभी को रोक रहा था। लेकिन अगर उन्होंने (भाटी) सोशल मीडिया पर कमेंट नहीं रोके तो FIR करवा रहा हूं। वो (रविंद्र सिंह भाटी) तो जेल जाएंगे और इसमें शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई होगी। जिन-जिन लोगों ने गलत किया है, वो लोग माफी नहीं मांगेगे या सुलह नहीं की, तो यहां बिगुल बजेगा। एक कमेंट से दिल्ली तक बैंड बजाकर रख दी छोटू सिंह ने कहा- मुझे राजनीति की जरूरत नहीं है। अगर मुझे राजनीति में आना ही पड़ा तो आपको मेरे से डर क्यूं लग रहा है। बोलते हैं कि तू मेरे लेवल का नहीं है मेरे एक कमेंट ने दिल्ली तक हलचल मचा दी। यह तो अच्छा हुआ, मैंने गाली नहीं लिखी, मैंने तो प्यार से बच्चे के लिए लिखा था। गाली लिखी होती तो मैं मारा जाता, आग कहां तक पहुंची है, इसके बारे में जरा सोचिए। रावणा ने कहा- मैं सौगंध खाकर कहता हूं, जो अलख आज जगी है, उसे में ज्वाला मैं न बदल दूं तो मेरा नाम छोटू सिंह नहीं। उन्होंने भाटी पर आरोप लगाते हुए कहा कि नेताजी बोलते हैं कि 36 कौम को साथ लेकर चलता हूं। वो सभी को साथ लेकर नहीं चले, बीते 3 सालों में कौम को तोड़ने का काम किया है। 'मुझे किसी नेता ने नहीं भड़काया, आओ मेरे सामने' छोटू सिंह ने कहा- जो लोग यह कह रहे है कि स्वरुप सिंह (BJP नेता ) या किसी अन्य के कहने पर कर रहा हूं, तो मैं बताना चाहता हूं कि मैं किसी के कहने से नहीं कर रहा हूं। शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी बाबा गरीबनाथ जी मंदिर में आ जाए, मैं बाबा गरीबनाथ जी की गोद में बैठकर सौगंध खाने को तैयार हूं कि मुझे किसी नेता ने भड़काया हो तो। आओ मेरे सामने, बात करो मुझसे। सोशल मीडिया पर कमेंट करने पर हुआ था विवाद बता दें कि भजन गायक छोटूसिंह रावणा ने रविंद्र सिंह भाटी से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट पर कमेंट किया था। छोटू सिंह का दावा है कि कमेंट के बाद 27 मार्च की शाम को भाटी ने फोन करके डराया-धमकाया और अप्रत्यक्ष रूप से जान से मारने की धमकी दी। हालांकि मामले में भाटी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि लोग अक्सर दूसरों के कंधों का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए कभी भी किसी का टूल नहीं बनना चाहिए। इसके बाद से लगातार रावणा राजपूत समाज के प्रतिनिधियों की ओर से अलग-अलग जिलों और उपखंडों पर ज्ञापन दिए जा रहे हैं। इसमें शिव विधायक के खिलाफ कार्रवाई और छोटूसिंह रावणा को सुरक्षा देने की मांग की जा रही है। इसी सिलसिले में 31 मार्च को छोटू सिंह और रावणा राजपूत समाज के लोग कलेक्ट्रेट में एसपी ऑफिस भी पहुंचे थे।