ब्यावर में श्री सीमेंट परिसर में आज से स्वामी गोविंददेव गिरि महाराज के सानिध्य में "कृष्ण नीति दर्शन" कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा "ज्ञान से जीवन दिशा एवं सेवा" कार्यक्रम के तहत हो रहा है। इसी क्रम में हाल ही में अखंड श्री रामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति के साथ भक्तिमय समागम संपन्न हुआ। "कृष्ण नीति दर्शन" कथा 2 अप्रैल से 5 अप्रैल तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक चलेगी। इसमें श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के नीति, जीवन-दर्शन और आदर्शों का श्रवण कराया जाएगा। आज श्री हनुमान जन्मोत्सव भी मनाया गया। इस दिन सुबह 5:30 बजे श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव, सुबह 8:30 बजे भव्य कलश यात्रा हुई। हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। संकट मोचन हनुमान मंदिर सर्किल पर स्थापित 21 फीट ऊंची भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अखंड श्री रामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति के मुख्य यजमान अरविंद खीचा ने सपत्नीक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में रामनारायण डाणी, संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।