राजसमंद में राजनगर के भिक्षु निलियम परिसर में रविवार को तेरापंथ महिला मंडल, राजनगर के तत्वावधान में श्रीउत्सव मेगा एग्जीबिशन एवं व्यापारिक मेले का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के राष्ट्रीय अभियान 'सक्षम नारी-विकसित समाज' के तहत आयोजित मेले का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना रहा। मेले में 50 से अधिक महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए, जहां से शहरवासियों ने खरीदारी की। विभिन्न स्टॉलों पर हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधान, जैन व्यंजन, होम डेकोर, आर्ट एंड क्राफ्ट, लाइफस्टाइल और घरेलू उपयोग की वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्षा रितु धोका ने बताया कि श्रीउत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि महिलाओं की प्रतिभा, व्यवसाय और आत्मविश्वास को नई पहचान दिलाने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के साथ अपने उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का अवसर प्रदान करते हैं। मेले में राजसमंद, उदयपुर, भीलवाड़ा, जयपुर, कोटा, अजमेर और विजयनगर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों से महिला उद्यमियों, गृह उद्योग संचालिकाओं एवं क्राफ्ट कलाकारों ने भाग लिया। खरीदारी के साथ लकी ड्रॉ, विशेष ऑफर्स, पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक माहौल ने मेले को आकर्षक बनाया। तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री कल्पना बड़ोला सहित मंडल की सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।