श्री विष्णु धाम श्री वेंकटेश्वर मंदिर में गुरुवार को 46वां पाटोत्सव श्रद्धा, आस्था और सेवा के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। सुबह महाऔषधि स्नान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद दिनभर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री वेंकटेश्वर का दुग्धाभिषेक कर सुख, समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर प्रसादी ग्रहण की। पाटोत्सव के अवसर पर सामाजिक सरोकार को भी विशेष महत्व दिया गया। वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और आमजन के लिए प्रसादी वितरण भी किया गया। पूजा-अर्चना के साथ सेवा-संस्कार का केंद्र भी है मंदिर मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. कैलाश गर्ग ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि सेवा और संस्कार का केंद्र भी है। जरूरतमंद लोगों की सहायता ही भगवान की सच्ची आराधना उन्होंने कहा कि भगवान की सच्ची आराधना तभी सार्थक होती है जब समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता की जाए। इसी सोच के साथ ट्रस्ट धार्मिक आयोजनों के साथ स्वास्थ्य एवं जनसेवा के कार्यक्रम भी नियमित रूप से आयोजित करता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ऐसे आयोजन निरंतर जनकल्याण का माध्यम बनते रहेंगे। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।