श्रीगंगानगर में जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक सोमवार को कांग्रेस के विधायक-सांसद कलेक्टर डॉ. अमित यादव के न आने से नाराज हो गए। ऐसे में कांग्रेस ने बैठक का बायकॉट कर दिया और उठकर चले गए। विधायकों और सांसदों ने कलेक्टर का डेढ़ घंटे इन्तजार किया। इसके बाद बैठक छोड़कर चले गए। श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा- कार्यक्रम 15 दिन पहले तय हो जाता है, फिर भी कलेक्टर ने आना उचित नहीं समझा। ये चिंता का विषय है। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष व करणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर ने कहा- मैंने व्यक्तिगत रूप से उन्हें बैठक में आने को कहा था, लेकिन वे नहीं आए। बैठक सुबह 10 बजे से शुरू हुई थी। इसके बाद 11:30 बजे तक जब कलेक्टर नहीं आए तो विधायक-सांसद बैठक छोड़ निकल गए। श्रीगंगानगर में जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक सोमवार को रखी गई थी। इसमें श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा, कांग्रेस विधायक और जिलाध्यक्ष रूपेंद्र सिंह कुन्नर, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर भी मौजूद थे। जिले की हालत गंभीर श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा- साधारण सभा की बैठक में जिला कलेक्टर का होना जरूरी था, क्योंकि इस समय जिले के हालात बहुत गंभीर हैं। बैठक का कार्यक्रम 15 दिन पहले तय हो जाता है, फिर भी कलेक्टर ने आना उचित नहीं समझा। यह चिंता का विषय है। सांसद इंदौरा ने जिले में पानी की किल्लत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा- लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं। किसानों की फसलों को पानी नहीं मिल रहा। अगर कलेक्टर बैठक में आते तो कई मुद्दों पर चर्चा होती और अधिकारियों को निर्देश दिए जाते, जिससे समस्याओं का समाधान हो सकता था। विधायक बोले- गंभीरता का अंदाजा लगा कांग्रेस जिलाध्यक्ष व करणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर ने राज्य सरकार और अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा- जनता के मुद्दों को लेकर गंभीरता का अंदाजा कलेक्टर के बैठक में नहीं आने से ही लग जाता है। मैंने खुद कलेक्टर साहब को व्यक्तिगत रूप से बैठक में आने के लिए कहा था, लेकिन वे नहीं आए। अगर वे आते तो एसपी, गेहूं खरीद, पानी की किल्लत, नशा और कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हो सकती थी। जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा- आज जिले की महत्वपूर्ण बैठक थी। इसमें कलेक्टर नहीं आए, यह अच्छी बात नहीं है। परिषद सीओ हंसे तो हंगामा हुआ वहीं, बैठक में श्रीविजयनगर पंचायत समिति की प्रधान वीरपाल कौर ने 2 जीबी ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी राहुल गर्ग को हटाने की मांग की। वीरपाल कौर ने बताया- 2 जीबी ग्राम पंचायत का ग्राम विकास अधिकारी पंचायत में कोई काम नहीं कर रहा। उसके पास 7 जीबी पंचायत का भी अतिरिक्त जार्च है। वह पंचायत में नहीं जाता और घर बैठा पैसे उठा रहा है। ग्राम विकास अधिकारी के ट्रांसफर को लेकर कई बार बीडीओ को ट्रांसफर के आर्डर जारी करने के लिए कहा गया। लेकिन बीडीओ मैडम ने कहा कि सीओ साहब के आदेश हैं की ट्रांसफर नहीं करना। इस बात को लेकर आज सभा में जिला परिषद सीओ मृदुल सिंह से पूछा तो वे हंसने लगे और कोई जवाब नहीं दिया। जिसके बाद वहां हंगामा हो गया। अधिकारी भी उठकर वहां से चले गए।