स्कॉलरशिप दिलाने के नाम पर एक दुकानदार से हजारों की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को लेबर कोर्ट का अधिकारी बताकर पैसे हड़प लिए। आरोपी ने दुकानदार की लड़की व लड़के को छात्रवृत्ति दिलाने का झांसा दिया था। मामला श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर थाना क्षेत्र का है। खुद को अधिकारी बता 22 हजार रुपए हड़पे शिकायतकर्ता कृष्णलाल (45) निवासी खाटसजवार, सादुलशहर (श्रीगंगानगर) ने विशेष एससी/एसटी प्रकरण कोर्ट, श्रीगंगानगर में दी शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने बताया- आरोपी सुनील कुमार पुत्र मनफूल राम निवासी चक 15/16 ए, अनूपगढ़ ने उनके मोबाइल नंबर पर 18 अक्टूबर 2025 को फोन कर खुद को लेबर कोर्ट का अधिकारी बताया। आरोपी ने कहा कि कृष्णलाल की बेटी और बेटे की शुभ शक्ति योजना के तहत दो-दो छात्रवृत्तियां आई हैं। इसके बाद आरोपी ने आधार, मजदूर कार्ड, बैंक पासबुक व्हाट्सएप पर मंगवाए। इसके बाद रिन्यूअल का बहाना बनाकर 2800 रुपए फोन-पे से ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद 22 हजार रुपए भी ट्रांसफर करवा लिए। जब कृष्णलाल, आरोपी से छात्रवृत्ति का पूछता तो वह बात को टाल देता। बाद में पता चला कि सुनील कुमार लेबर कोर्ट में किसी भी पद पर कार्यरत नहीं है। इसके बाद कृष्णलाल ने आरोपी से पैसे मांगे। तब आरोपी ने पैसे देने से मना कर दिया और जाति सूचक गालियां भी निकाली। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर सादुलशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच ग्रामीण सीओ भूपेंद्र सोनी कर रहे हैं।