श्रीगंगानगर में माकपा के जिला परिषद प्रत्याशी से गैंगस्टर विशाल पचार के नाम से 2 करोड़ की फिरौती मांगी गई है। प्रत्याशी ने पैसे नहीं होने की बात कही तो गैंगस्टर ने धमकाया कि मुझे पता है कि तेरे पास काफी पैसे हैं और तू चुनाव लड़ रहा है। गैंगस्टर ने माकपा प्रत्याशी से चुनाव छोड़ने की धमकी दी और ऐसा नहीं करने पर जान से मरवाने की बात कही। आरोपी वॉट्सएप कॉल पर प्रत्याशी को लगातार धमकियां दे रहा है। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। एसपी हरीशंकर ने बताया- बेअंत सिंह उर्फ बिट्टू प्रधान निवासी 1 बी प्रथम, ग्राम पंचायत 4 जेड, मोहनपुरा रोड (श्रीगंगानगर) ने शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि मैंने जिला परिषद सदस्य के लिए वार्ड 34 से नामांकन दाखिल किया है। 25 अक्टूबर की रात 8:47 बजे मेरे वॉट्सएप नंबर पर विदेशी नंबर (+351926884863) से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर विशाल पचार बताया और 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। मैंने कहा कि मेरे पास पैसे नहीं हैं तो गैंगस्टर ने कहा कि तेरे पास काफी पैसे हैं और तू चुनाव लड़ रहा है। माकपा प्रत्याशी ने बताया- गैंगस्टर ने मुझे चुनाव लड़ने से पीछे हटने की धमकी दी और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की बात कही। गैंगस्टर ने कहा कि मैं देखता हूं कि तू (बेअंत सिंह) कैसे चुनाव लड़ता है और तुझे तैयारी करके रहना चाहिए। गैंगस्टर ने आज सुबह भी फोन कर धमकाया। एसपी बोले- शिकायत के आधार पर जांच शुरू एसपी हरीशंकर ने बताया- जिला परिषद प्रत्याशी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है और जांच की जा रही है। जिन नंबरों से प्रत्याशी के पास वॉट्सएप कॉल आया है, उसकी भी जांच की जा रही है।