जयपुर के कानोता क्षेत्र में झाड़ियों में मिले दो नवजात शिशुओं के मामले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर महानगर प्रथम ने संज्ञान लेते हुए रविवार को जेके लोन अस्पताल का निरीक्षण किया। प्राधिकरण के सचिव किशोर कुमार तालेपा ने दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर “41.8 डिग्री का ताप, झाड़ियों में फेंके दो नवजात, थैली में घुट रही थी सांसें” पर संज्ञान लेते हुए अस्पताल पहुंचकर दोनों बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान दोनों नवजात शिशु सुरक्षित एवं स्वस्थ पाए गए। इस दौरान चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बच्चों को सभी आवश्यक और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि बच्चों के स्वास्थ्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सूचित किया जाए, ताकि आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जा सके। इससे पहले मामले की वस्तुस्थिति जानने के लिए कानोता थानाधिकारी से भी बातचीत कर आवश्यक जानकारी ली गई। वहीं, बाल कल्याण समिति को पत्र जारी कर नवजात बच्चों को अभिरक्षा में लेने तथा उनके पालन-पोषण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल अधीक्षक आर.एन. सेहरा, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष शीला सैनी तथा अन्य चिकित्सा स्टाफ मौजूद रहा। --- मानसरोवर की विकास समिति के द्विवार्षिक चुनाव संपन्न, नई कार्यकारिणी का गठन मानसरोवर की श्रीराम विहार ‘ए’ विकास समिति (दक्षिण) की द्विवार्षिक चुनाव प्रक्रिया रविवार सुबह 9 बजे सामान्य बैठक के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। चुनाव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किए गए। चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी एडवोकेट अशोक गौतम के संरक्षण और मार्गदर्शन में किया गया। समिति के सदस्यों की उपस्थिति में नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। चुनाव परिणाम इस प्रकार रहे: अध्यक्ष: राघवेंद्र शर्मा उपाध्यक्ष: परिक्षित सेठी महामंत्री: राणु लाल शर्मा कोषाध्यक्ष: अखिलेश कौशिक नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समिति सदस्यों ने बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में उमेश अवस्थी, पीयूष भट्ट, सुभाष सिरवा और रविंद्र खंडेलवाल सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। समिति ने विश्वास जताया कि सभी सदस्य क्षेत्र के विकास और जनहित कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। समिति की ओर से चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया।