जालोर जिला महिला कांग्रेस की बैठक शुक्रवार को चांदराई में जिलाध्यक्ष संतोष कंवर के नेतृत्व में हुई। मुख्य अतिथि महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष व जालोर जिला प्रभारी रेखा लोहिया और विशिष्ट अतिथि जोधपुर संभाग संगठन महामंत्री फरजाना चौहान रहीं। बैठक में नारी न्याय और ओबीसी महिला आरक्षण के मुद्दों पर चर्चा की। जिला प्रभारी रेखा लोहिया ने महिला आरक्षण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत महिला कार्यकर्ताओं से हस्ताक्षर करवाए। उन्होंने कहा कि ओबीसी महिलाओं को आरक्षण दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिलाध्यक्ष संतोष कंवर ने कार्यकर्ताओं से 21 जुलाई को नई दिल्ली में होने वाले महिला कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यक्रम में अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। बैठक में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, संगठन की मजबूती और महिला सशक्तीकरण पर भी चर्चा हुई। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शोभा कंवर पचानवा, मधु कंवर गंगावा, महिला महासचिव पेपी देवी, नगर अध्यक्ष देवी राव, ब्लॉक अध्यक्ष चम्पा देवी, नेनु देवी और गंगा देवी पांचोटा समेत महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहीं।