सीकर में बीती रात मानसून की पहली बारिश का इंतजार खत्म हुआ। मानसून एक्टिव होने के तीसरे दिन सीकर में भारी बारिश हुई। देर रात करीब 2 बजे से ही कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का दौर जारी रहा। अब तक करीब एक इंच से ज्यादा (29 एमएम) बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते नवलगढ़ रोड पर एक बार फिर 3 फीट तक जलभराव हो गया। नवलगढ़ रोड पर करीब डेढ़ किलोमीटर एरिया में जलभराव होने की वजह से सुबह कोचिंग के स्टूडेंट्स परेशान हुए। इतना ही नहीं, कई वाहन भी पानी के बीच बंद हो गए। यहां तक कि लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। फतेहपुर रोड भी पानी से लबालब है। सीकर के मौसम से जुड़ी 5 PHOTOS… फोटो- 1 राहगीरों को जलभराव के बीच से निकलना पड़ा फोटो- 2 3 फीट पानी के बीच से गुजरी बच्चों से भरी स्कूल बस फोटो- 3 नवलगढ़ रोड पर डेढ़ KM तक जलभराव फोटो- 4 घुटनों तक पानी, स्टूडेंट्स की परेशानी फोटो- 5 मूसलाधार बारिश के बाद सड़कें लबालब सबसे ज्यादा बारिश श्रीमाधोपुर में जिले में सबसे ज्यादा बारिश श्रीमाधोपुर में करीब 3 इंच रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सीकर ग्रामीण एरिया में 30 एमएम, रींगस में 45 एमएम और दांतारामगढ़ में 53 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश होने के बाद सीकर के तापमान में भी बदलाव हुआ है। हालांकि, बारिश के बाद उमस बढ़ने लगी है। सीकर जिले में फतेहपुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम अनुसंधान केंद्र पर सोमवार सुबह का न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को दिनभर उमस और तेज गर्मी रही। रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में मानसून की पहली बारिश के बाद अब तापमान में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 दिनों में सीकर में अच्छी बारिश की संभावना है।