सीकर की गोकुलपुरा थाना पुलिस ने 100 ग्राम अफीम के साथ आरोपी को दबोचा है। आरोपी अफीम के पैकेट बनाकर उन्हें सीकर के हॉस्टलों में रहने वाले लड़कों को सप्लाई करने वाला था। इसके पहले ही पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया गया है। SHO प्रीति बेनीवाल ने बताया कि बीती शाम वह अपनी टीम के साथ में रूटीन गश्त कर रही थी। इसी दौरान जब टीम गोकुलपुरा,जयपुर रोड होते हुए तुर्किये जोहड़े के पास पहुंची तो वहां एक अल्टो गाड़ी खड़ी दिखाई दी। जो पुलिस की गाड़ी को देखकर वहां से निकलने लगी। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रुकवा कर जब तलाशी ली तो उसके पास से एक प्लास्टिक की थैली में 100 ग्राम अफीम मिली। इसके बाद आरोपी धर्मवीर शर्मा (47) पुत्र बजरंग लाल निवासी बस स्टैंड के पास,महामाया का मंदिर को गिरफ्तार करते हुए उसकी अल्टो गाड़ी को भी जप्त कर लिया गया। अब तक की इन्वेस्टीगेशन में सामने आया है कि एक सप्लायर धर्मवीर को अफीम की डिलीवरी देकर गया था। इसके बाद धर्मवीर इसके छोटे-छोटे पैकेट बनाकर सीकर के दासा की ढाणी के पास हॉस्टल्स में रहने वाले युवकों को अफीम सप्लाई करने वाला था। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क का पता लग रही है। इस कार्रवाई में गोकुलपुरा पुलिस थाने के कांस्टेबल ओमप्रकाश की विशेष भूमिका रही।