सीकर में पंचायत राज आम चुनाव-2026 का पहला चरण कल से शुरू हाेगा। 28 अक्टूबर को सीकर जिले के 6 पंचायत समिति क्षेत्रों में 140 पंचायत समिति सदस्यों और 21 जिला परि‌षद सदस्यों के लिए वोटिंग होगी। फिर 30 अक्टूबर को इन 6 पंचायत समिति क्षेत्रों की 193 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के चुनाव होंगे। आज सीकर गर्ल्स कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को अंतिम प्रशिक्षण के बाद रवाना किया गया। 28 व 30 अक्टूबर को सीकर जिले की पाटन, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, खंडेला, अजीतगढ़ और पिपराली पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के लिए ईवीएम से सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। सेक्टर व एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ 2 पुलिसकर्मी और एरिया मजिस्ट्रेट के साथ 1 पुलिसकर्मी लगाया गया है। सभी 6 पंचायत समितियों के लिए 803 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया है। 30 अक्टूबर को पंच-सरपंच का चुनाव बैलेट पेपर से होगा। कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि जिले के पहले चरण के चुनाव में 803 बूथों पर 7.96 लाख वोटर हैं। पाटन, पिपराली व श्रीमाधोपुर के 5 ट्रांसजेंडर भी मतदान करेंगे। पंचायतीराज चुनाव को लेकर जिले में पहले चरण की प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पंचायत समिति पाटन में 94, श्रीमाधोपुर में 132, अजीतगढ़ में 93, खंडेला में 227, पिपराली में 96 तथा नीमकाथाना में 161 पोिलंग बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पंच व सरपंच पदों के लिए मतपत्र 29 अक्टूबर को भेजे जाएंगे। 30 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। पंच व सरपंच के मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती होगी।