सीकर की कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और डीएसटी टीम ने ऑपरेशन म्युल हंटर के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ग्रामीण एरिया के लड़कों के आधार कार्ड लेकर पहले सिम निकलवाते और फिर ऑनलाइन अकाउंट खोलकर साइबर ठगों को दे देते। साइबर ठग इन अकाउंट से करोड़ों रुपए का लेनदेन करते। पुलिस ने दोनों लड़कों के पास से 18 फर्जी सिम,एटीएम कार्ड सहित अन्य डिवाइस बरामद किए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। थानाधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया- मामले में आरोपी आकाश सैनी (22) पुत्र शंकरलाल सैनी निवासी वार्ड नंबर 32 फतेहपुर और अहमद रजा पठान (19) पुत्र राशिद निवासी मोहल्ला तेलियान फतेहपुर को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 18 फर्जी सिम,10 बेची हुई सिम के खाली रेपर, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल और एक गाड़ी बरामद की है। दरअसल, 5 अप्रैल को सीकर एसपी ऑफिस के साइबर सेल के कॉन्स्टेबल बजरंग, महिपाल और डीएसटी टीम की सूचना पर दोनों आरोपियों को बजरंग कांटा के पास से पकड़ा गया। दोनों गाड़ी लेकर कहीं जा रहे थे। इनके पास से पुलिस को सिम कार्ड सहित अन्य सामान मिला। दोनों से जब पूछताछ की गई तो पता चला कि दोनों आरोपी ग्रामीण एरिया के लड़कों को थोड़े से पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड ले लेते। बाद में उस आधार कार्ड के जरिए नई सिम लेते। इसके बाद फर्जी मेल आईडी बनाकर नियो और HSBC अप के जरिए ऑनलाइन बैंक अकाउंट खोलते। इन फर्जी बैंक अकाउंट को साइबर ठगों को 30 हजार रुपए प्रति अकाउंट के हिसाब से बेच देते। बाद में साइबर ठग इन अकाउंट के जरिए करोड़ों रुपए के फ्रॉड अमाउंट का लेनदेन करते। अब पुलिस साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इस कार्रवाई में साइबर सेल के कॉन्स्टेबल महिपाल और बजरंग की विशेष भूमिका रही। दादिया थाना पुलिस ने स्मैक पाउडर के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया सीकर की दादिया थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की है। SHO बुद्धि प्रसाद ने बताया कि ऑपरेशन एंटी वेनम के अंतर्गत आरोपी राकेश कुमार लाडिया को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 3.55 ग्राम स्मैक पाउडर जब्त किया गया है।