सीकर के पुरोहितजी की ढाणी में सड़क चौड़ाई के लिए तोड़े जा रहे मकान को लेकर हंगामा हो गया। लोगों ने काम रुकवाकर आक्रोश जताया। जिन्होंने कहा कि नगर परिषद बिना सूचना के मकान तोड़ रही है। सूचना पर नगर परिषद के अधिकारी और उद्योग नगर पुलिस मौके पर पहुंची। जिन्होंने मामला शांत करवाया। दरअसल नगर परिषद के द्वारा पुरोहित जी की ढाणी में सेक्टर मार्ग के लिए सड़क को 40 फीट चौड़ा करने का प्लान है। इसी के तहत आज नगर परिषद की टीम आई और वहां एक बंद मकान को तोड़ना शुरू कर दिया। इसके बाद लोग आक्रोशित हो गए। साथ ही जेसीबी को रुकवाया। स्थानीय महिला संपत्ति देवी ने बताया कि मकान को तोड़ने के दौरान उनके बेटे ने काम रुकवाने का प्रयास किया। ऐसे में नगर परिषद के सुरक्षागार्डों ने उसके साथ बदसलूकी की। आज जिस मकान को तोड़ा गया उसके पास ही एक परिवार रहता है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। संपत्ति देवी ने कहा कि मकान तोड़ने के पहले कोई सूचना भी नहीं दी गई थी। यदि सड़क को 30 फीट से ज्यादा चौड़ा किया जाता है तो हम उग्र आंदोलन करेंगे। स्थानीय युवक शुभम ने बताया कि अभी चौड़ाइकरण को लेकर पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं है। नगर परिषद और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत चल रही है। चौड़ाइकरण की सीमा में संशोधन भी होना था लेकिन आज बिना सहमति के ही नगर परिषद की दो जेसीबी एक बंद मकान को तोड़ने के लिए आ गई। मकान को तोड़ने से पहले अंदर जाकर देखना भी चाहिए कि कोई है या नहीं। हालांकि आज मकान बंद था लेकिन यदि इस तरह की लापरवाही होती है तो बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद में चिन्हित से ज्यादा एरिया का मकान तोड़ दिया। जिसके बाद नगर परिषद के अधिकारियों ने मालिक को नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया।