सीकर के एक हाॅस्टल में बाउंसर्स से स्टूडेंट्स की मारपीट के विरोध में SP ऑफिस पर प्रदर्शन करने पहुंचे SFI कार्यकर्त्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। SFI कार्यकर्त्ताओं ने SP ऑफिस में घुसने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें गेट पर राेक दिया। इसके बाद भी SFI कार्यकर्त्ता गेट पर चढ़ने की कोशिश करने लगे तो पुलिस से धक्कामुक्की हो गई। पुलिसकर्मियों ने SFI कार्यकर्त्ताओं को पीछे धकेला और लाठी भांजकर तितर-बितर किया। विरोध-प्रदर्शन में SFI जिलाध्यक्ष महिपाल गुर्जर, सचिव राकेश मुवाल, उपाध्यक्ष राजू बिजारणियां, संदीप नेहरा, कन्हैया चौधरी व सुशीला चौधरी कई कार्यकर्त्ता शामिल थे। हुआ यूं कि 3 दिन पहले सीकर के एक बॉयज हॉस्टल में बाउंसर्स से स्टूडेंट्स की मारपीट के मामले में आज SFI कार्यकर्त्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए आक्रोश रैली निकाली। रैली SP ऑफिस पहुंची तो कार्यकर्त्ता अंदर घुसने लगे और पुलिस ने उन्हें राेकने की काेशिश की। थोड़ी देर धक्कामुक्की के बाद अचानक 2 कार्यकर्त्ता पुलिसकर्मियों को धक्का देकर गेट पर चढ़ने लगे। तभी SFI कार्यकर्त्ता पुलिसकर्मियों से उलझ गए। पुलिसकर्मियों और SFI कार्यकर्त्ताओं की धक्कामुक्की के बाद आपस में गाली-गलौच हो गई। SFI कार्यकर्त्ता फिर से पुलिसकर्मियों से उलझते हुए आगे बढ़े तो पुलिसकर्मियों ने लाठियां चलाकर SFI कार्यकर्त्ताओं को तितर-बितर किया। इस दौरान 2-3 SFI कार्यकर्त्ता लाठीचार्ज की चपेट में आ गए। SFI प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र ढाका ने कहा कि पुलिस की वर्दी में गुंडागर्दी हो रही है। स्टूडेंट्स के साथ मारपीट की घटना और फिर SFI कार्यकर्त्ताओं पर लाठीचार्ज करना कायरता है। इससे पहले SFI कार्यकर्त्ता ढाका भवन से रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए SP ऑफिस पहुंचे। यहां SFI कार्यकर्त्ताओं ने SP प्रवीण नायक नूनावत को ज्ञापन दिया। SFI प्रदेशाध्यक्ष ढाका ने कहा कि सीकर की पहचान आज शिक्षा नगरी के रूप में हैं। बाहर से आने वालों स्टूडेंट्स की हॉस्टल में बाउंसर्स से पिटाई जैसी घटनाओं से पेरेंट्स डरने लगेंगे। स्टूडेंट्स ही सीकर का मान-सम्मान हैं। हॉस्टल में पिटाई जैसी घटनाओं पर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई तो ये मामले बढ़ेंगे। एसपी को दिए ज्ञापन में घटना के नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है।