सीकर में कलवा गांव से हुई ट्रेलर चोरी के मामले में नेछवा पुलिस ने 4 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि बदमाशों ने ट्रेलर की पहचान चेसिस नंबर काटकर छिपाई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिसमें वाहन चोरी के कुछ मामलों में खुलासे की संभावना है। जिला‌ पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि ट्रेलर चोरी के 24 घंटे के भीतर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कलवा गांव से चोरी हुए ट्रेलर को मय ट्रॉली के बरामद कर लिया है। शातिर चोरों ने वाहन की पहचान छिपाने के लिए पहचान मिटा दी थी और चेसिस नंबर तक काट दिया था। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों को दबोचा नेछवा थानाधिकारी कैलाश चंद्र यादव ने बताया कि 28 अप्रैल को सूत्तोद गांव निवासी मदनलाल जाट ने नेछवा थाने में उपस्थित होकर ट्रेलर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित मदन ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसने कलवा गांव में 28 अप्रैल को ट्रेलर खड़ा किया था, जिसे अज्ञात चोर चुराकर ले गए और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आगे बेच दिया। पुलिस ने घटनास्थल से जाने वाले रास्तों के CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरु की। पुलिस टीम ने लगातार आरोपियों का पीछा करते हुए घटना के अगले ही दिन 29 अप्रैल को चारों आरोपियों बनवारी लाल रूहेला (37), वीरेंद्र जाट (29), ताराचंद (31) जाट और सुरेंद्र जाट (50) को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया है। पुलिस ने चोरी किया गया ट्रेलर और उसके साथ ट्रॉली बरामद कर ली। शातिर चोरों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रेलर का चेसिस नंबर काट दिया था, लेकिन पुलिस ने वह कटी हुई चेसिस नंबर प्लेट भी बरामद कर ली है।