सीकर में कल छोटी काशी का स्वरूप देखने को मिलेगा। 21 जुलाई को इस्कॉन मंदिर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जाएगी। वहीं सकल जैन समाज के धर्मगुरू वर्धमान सागर महाराज ससंघ 23 जुलाई को सीकर में मंगल प्रवेश करेंगे। वर्धमान सागर महाराज 28 जुलाई से सीकर में चातुर्मास करेंगे। इस्कॉन मंदिर के कमल कुमार शर्मा ने बताया कि कल दोपहर 3 बजे रामलीला मैदान से भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलदाऊ की रथयात्रा रवाना होगी। रथयात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर घंटाघर, जटिया बाजार, तापड़िया बगीची, बजाज रोड होते हुए फतेहपुरी गेट स्थित गणेश मंदिर पहुंचेगी। मार्ग में पुष्प वर्षा, सुगंधित फव्वारे, भव्य आतिशबाजी और महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था रहेगी। 39 साल बाद जैन समाज के धर्मगुरु सीकर में करेंगे मंगल प्रवेश दूसरी तरफ 1987 के बाद पहली बार जैन मुनियों का बड़ा ससंघ सीकर आ रहा है। संघ में 10 मुनिराज, 20 आर्यिका, 1 ऐलक, 4 क्षुल्लक और 1 क्षुल्लिका सहित कुल 37 साधु शामिल रहेंगे। CM भजनलाल शर्मा ने धर्मगुरू वर्धमान सागर महाराज को राजकीय अतिथि के रूप में सम्मानित किया है। 28 जुलाई को भव्य चातुर्मास स्थापना का आयोजन होगा और 29 जुलाई को गुरुपूर्णिमा कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जाएगा। इससे पहले 1986 में आचार्य वर्धमान सागर महाराज दीक्षा गुरु धर्मसागर महाराज के साथ सीकर आए थे। इसके बाद 1987 में मुनिसुव्रत नाथ भगवान के केवलज्ञान कल्याणक के दिन आचार्य धर्मसागर की समाधि हुई थी। मीडिया प्रभारी डॉ. राजेश पंचोलिया और विवेक पाटोदी ने बताया कि इस संघ में कई परिवारों ने एक साथ दीक्षा ली है।