सीकर की फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने टॉप-10 वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल आरोपी गिरफ्तार किया है। एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि आरोपी पर 19 साल के युवक का किडनैप, उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने और डरा-धमकाकर जबरन चोरी की वारदात कबूल करवाने का आरोप है। फतेहपुर कोतवाल महेंद्र मीणा ने बताया कि मामले में आरोपी अब्दुल मनान को गिरफ्तार किया गया है। मामले में 26 जनवरी 2026 को फतेहपुर के वार्ड नंबर 16, चीती के कुएं के पास रहने वाले 19 साल के परिवादी ताहसीन खान ने रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया था कि आरोपी अब्दुल मनान और उसके साथियों ने परिवादी को सरेआम गालियां दी और बाइक पर जबरन किडनैप कर लिया। आरोपी उसे सब्जीफरोश मोहल्ले में ले गए, जहां लात-घूंसो से मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और दबाव डालकर चोरी करने की बात भी जबरन कबूल करवाई।