सीकर में सुबह से बादल छाए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। पिछले साल के मुकाबले इस साल 15 जुलाई तक 40% से भी कम बारिश हुई है। 3 दिन से रात के तापमान में तेजी है। उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई से 19 जुलाई तक वेदर ड्राई रहेगा। बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून इस बार राजस्थान में एंट्री करने से पहले कमजाेर हो गया। 3-4 जिले को छोड़ दें तो राजस्थान में अभी तक कहीं भी अच्छी बारिश नहीं हुई है। जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में बादलों की वजह से धूप की तेजी नहीं है लेकिन उमस बढ़ने से लोग परेशान हैं।