सीकर में आज तेज धूप निकली हुई है। आसमान साफ होने के कारण तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। धूप बढ़ने की वजह से लोग गर्मी से परेशान हैं। इस बार मानसून की बारिश पूरी तरह कमजोर रही। मानसून की ट्रफ लाइन बार-बार शिफ्ट होने की वजह से सीकर में औसत से भी 8% कम बारिश हुई। पिछले 4 दिन से मौसम ड्राई बना हुआ है और आज सुबह से तेज धूप के साथ उमस बरकरार है। गर्मी बढ़ने से दिन का तापमान भी बढ़ने की संभावना है। इस साल मानसून के फर्स्ट और सेकंड फेज में अच्छी बारिश नहीं हुई। सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अभी तक औसत से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार- शेखावाटी में इस साल वेदर डिस्टर्बेंस और अल नीनो की वजह से बरसाती हवाओं की डायरेक्शन बदल गई। मानसून की औपचारिक विदाई के बाद अब तेज बारिश का‌ कोई पूर्वानुमान नहीं है। सीकर में 6 दिन पहले हुई बारिश के बाद अब फिर से गर्मी बढ़ गई है। बात करें, सीकर के तापमान की तो सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर जिला मुख्यालय पर आज बादलवाही नहीं होने से धूप में तेजी है और उमस बनी हुई है। इस कारण तापमान भी स्थिर बना हुआ है।