सीकर में सोमवार-मंगलवार की रात हुई बारिश के बाद उमस बढ़ गई है। आज न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। हालांकि सीकर जिले में आज भी घने बादल छाए हुए हैं। अगले 24 घंटे में जिले के विभिन्‍न इलाकों में बारिश का अनुमान है। आज सुबह से बादलवाही के बीच-बीच में तीखी धूप निकल रही है, जिससे उमस का जोर है। सीकर में 22 जुलाई तक होने वाली मानसून की सामान्य बारिश से अब तक 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अभी भी बारिश की झड़ी का इंतजार है। सीकर में मंगलवार शाम को चली ठंडी हवा के साथ कुछ ग्रामीण इलाकों में बारिश हुई। आज सुबह से हवा नहीं चल रही और बादल छाने के कारण उमस बढ़ गई है। मानसून राजस्थान में पूरी तरह सक्रिय नहीं सीकर में अगले 3 दिन छितराई बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून राजस्थान में पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ। अभी सीकर के ऊपर लो एयर प्रेशर बना हुआ है, जिससे बारिश होने का अनुमान है। गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून इस बार राजस्थान में एंट्री करने से पहले कमजोर हो गया, 6-7 जिले को छोड़ दें तो राजस्थान में अभी तक कहीं भी ज्यादा अच्छी बारिश नहीं हुई है। आज न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज हुआ बात करें, सीकर के तापमान की तो सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को बारिश के कारण दिन का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और उससे पहले सुबह का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में बादलवाही होने के कारण उमस बनी रहेगी। इस कारण तापमान में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।