दौसा के मेहंदीपुर बालाजी में दर्शन करने आए एक ही परिवार के पांच महिलाओं सहित सात श्रद्धालु अचेत हो गए। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मैनपुरी और एटा जिले के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार श्रद्धालु हरिओम यात्री निवास (धर्मशाला) में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने खाने में कोई ऐसा पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और सभी बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही बालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी श्रद्धालुओं को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिकराय उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया- बेहोश हुए श्रद्धालुओं में विकास, सुखवीर, ममता देवी, प्रियंका, साधना, आरती और तारा देवी शामिल हैं। फिलहाल श्रद्धालुओं के अचेत होने के कारणों का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। धर्मशाला सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।