डीग में एसपी शरण गोपीनाथ के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन एंटीवायरस' के तहत सीकरी-जुड़हर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर 6 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 5 मोबाइल फोन और 4 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर और लड़कियों की तस्वीरें लगाकर लोगों से दोस्ती करते थे। वे वीडियो कॉल, अश्लील चैट और निजी फोटो-वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल कर लाखों रुपए की ठगी करते थे। प्रारंभिक पूछताछ में ठगों ने लाखों रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. ने बताया कि 'ऑपरेशन एंटीवायरस' के तहत लगातार की जा रही कार्रवाई से इन गिरोहों की कमर टूट रही है। गिरफ्तार ठगों से फिलहाल गहन पूछताछ जारी है। पुलिस उनके मोबाइल डेटा और बैंक खातों की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पीड़ितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।