झुंझुनूं | पचेरी बड़ी स्थित सिंघानिया विश्वविद्यालय को सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी-यूजी) 2026 में शामिल किया गया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया को राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त, विश्वसनीय मंच प्राप्त हुआ है। अब यूनिवर्सिटी के विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश सीयूईटी स्कोर के माध्यम से किया जा सकेगा। यह परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित की जाती है। यह देशभर के विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए एक समान, पारदर्शी, मेरिट-आधारित प्रणाली प्रदान करती है। छात्र इस स्कोर के आधार पर कई संस्थानों में आवेदन कर सकते हैं। यूनिवर्सिटी द्वारा सीयूईटी के तहत बीएससी, बीटेक सहित अन्य स्नातक विषयों में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित विषय संयोजन व पात्रता मानदंड निर्धारित किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि व योग्यता के अनुसार पाठ्यक्रम चुनने का अवसर मिलेगा। इससे ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।