डीग जिले के सदर थाना क्षेत्र के गांव सिनसिनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ युवक सुबह दौड़ लगाने निकले थे, तभी उन्होंने सड़क किनारे एक व्यक्ति को अचेत पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान गांव निवासी जनक के रूप में हुई। युवकों ने तुरंत परिजनों और सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय सिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बुधवार देर रात जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। गुरुवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया, इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। भतीजे ने हत्या का लगाया आरोप मृतक के भतीजे सुंदर ने आरोप लगाया है कि उनके चाचा जनक को किसी ने जहर देकर मारा है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाएं। खेती-बाड़ी कर परिवार का करते थे पालन-पोषण मृतक जनक विवाहित थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा 2 बच्चे है, जिनमें 18 साल बेटी तमन्ना और 16 साल का बेटा कुलदीप। जनक के बड़े भाई का करीब 20 साल पहले निधन हो चुका था। अब जनक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।