सिरोही जिले के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के आमली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार दोपहर खूनी संघर्ष हो गया। करीब 30 से 40 हथियारबंद लोगों ने दुकान पर बैठे पिता-पुत्र पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावर कुल्हाड़ी, बंदूक, धारिया, तलवार, लाठी-डंडे और पत्थरों से लैस थे। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें पिता कसना राम की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दुकान पर बैठे थे पिता-पुत्र, तभी पहुंची हथियारबंद भीड़ जानकारी के अनुसार, आमली गांव निवासी कसना राम पुत्र हरा जी अपने बेटे चेनाराम के साथ दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक 30 से 40 लोग हथियारों के साथ वहां पहुंच गए। आरोप है कि आते ही उन्होंने दोनों पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने तलवार, बंदूक, धारिया, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया। इस दौरान कसना राम के सिर पर गंभीर चोट लगी और वे खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़े। हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव कर अस्पताल पहुंचाया, सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर पिता-पुत्र को हमलावरों से बचाया और तुरंत पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सिरोही ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम दोनों घायलों का इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार कसना राम की हालत गंभीर बनी हुई है। “001 गैंग ने किया हमला”, पीड़ित का आरोप घायल कसना राम ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले लोग “001 गैंग” के सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि गैंग के लोगों ने न सिर्फ दुकान में घुसकर हमला किया, बल्कि जमकर तोड़फोड़ भी की। इसके अलावा मकान में भी उत्पात मचाया गया। कसना राम के अनुसार, होली के समय भी इन लोगों ने इलाके में उत्पात मचाया था। उन्होंने कहा कि यह तीसरी बार है जब इसी गैंग ने उनके परिवार को निशाना बनाया है। पहले भी दी थी रिपोर्ट, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई कसना राम ने बताया कि हमलावर मालप और जेमा फली क्षेत्र से जुड़े गैंग के लोग हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर पहले भी कई बार पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती। अब 007 के बाद सामने आया 001 गैंग का नाम गौरतलब है कि आबू रोड और पालनपुर गुजरात बॉर्डर क्षेत्र में पहले से 007 गैंग सक्रिय होने की चर्चाएं रही हैं। वहीं अब पिंडवाड़ा के आमली-मालप इलाके में “001 गैंग” का नाम सामने आने से लोगों में डर और चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोग इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।