सिरोही जिले में पालडीएम थाना क्षेत्र के अंदौर गांव में एक श्रमिक को मकान की छत पर काम करते समय 440Kv का करंट लग गया। गंभीर रूप से झुलसे श्रमिक को इलाज के लिए सिरोही ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार उदयपुर जिले के तुलिखेत देवला निवासी रामाराम पुत्र गीता राम अंदौर गांव में एक मकान की छत पर निर्माण कार्य कर रहा था। काम के दौरान अचानक उसके हाथ में बिजली का करंट लगा और वह नीचे गिर गया। शरीर पर कई जगह करंट लगने के निशान गंभीर रूप से झुलसी हुई हालत में उसे तुरंत सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। ट्रॉमा सेंटर में मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल उसका इलाज शुरू किया। युवक के हाथ, कमर, पेट और पीठ पर करंट लगने के गहरे निशान हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ठेकेदार की देखरेख में ठेके पर काम कर रहा था। जिस समय युवक छत पर चढ़ा था, उस दौरान बिजली के तारों में करंट प्रवाहित हो रहा था। हादसे के बाद युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।