सिरोही के पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस विभाग की महिला टीम ने लगभग 400 छात्राओं को महिला अपराधों से बचाव, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। स्कूल की प्रिंसिपल हीरा खत्री और पीएम श्री योजना प्रभारी गोपाल सिंह राव ने बताया कि वर्तमान समय में बालिकाओं को कानून, साइबर अपराधों और सुरक्षा संबंधी जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है। पुलिस टीम ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अपराध या महिला उत्पीड़न की स्थिति में बिना डर के तुरंत पुलिस से संपर्क करें। कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल मुकेश कुमारी और इन्द्रा ने साइबर अपराधों से बचने के उपाय, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी और महिला सुरक्षा संबंधी कानूनी अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं से सतर्क रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा किसी भी समस्या को परिवार और शिक्षकों से साझा करने का आह्वान किया। पीएम श्री योजना प्रभारी गोपाल सिंह राव ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बालिकाओं को केवल जानकारी ही नहीं देते, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, निर्भीक और सशक्त बनने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षित और जागरूक बालिका ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज की आधारशिला है। इस कार्यक्रम में उपप्रिंसिपल वर्षा त्रिवेदी, देवी लाल, अनिता चव्हाण सहित पुलिस विभाग से नौरंगी, रुक्मण, बसंती, सुमित्रा, संजना, सविता, पुष्पा और राजेंद्र सिंह की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में स्कूल परिवार ने पुलिस विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। यह कार्यक्रम बालिकाओं में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने में सफल रहा।