सिरोही जिला मुख्यालय पर गुरुवार दोपहर हुई महज आधे घंटे की तेज बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। सड़कें और गलियां पानी में डूब गईं, जिससे लोगों और वाहन सवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, शिवगंज तहसील के पालड़ी एम स्थित सरकारी अस्पताल की जर्जर छत से बारिश का पानी तेज धार के रूप में बहने लगा और उखड़े प्लास्टर के बीच दिखाई दे रही सरिया ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी। शहर में जलभराव से थमा आवागमन दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई तेज बारिश के बाद शहर की कई सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं। वाहन सवारों के लिए सड़क और गड्ढों में फर्क करना मुश्किल हो गया। पैलेस रोड और कॉलेज विज्ञान संकाय के मुख्य गेट के बाहर सबसे ज्यादा जलभराव देखने को मिला, जिससे यातायात प्रभावित रहा। पैदल राहगीरों को भी सड़क पार करने के लिए वाहनों के निकलने का इंतजार करना पड़ा। अस्पताल की जर्जर छत ने बढ़ाई चिंता शिवगंज तहसील के पालड़ी एम स्थित सरकारी अस्पताल में बारिश के दौरान गंभीर स्थिति सामने आई। अस्पताल की छत का प्लास्टर उखड़ चुका है और सरिया खुलकर दिखाई देने लगी है। तेज बारिश के दौरान छत से पानी धार बनकर टपकता रहा। भवन की यह स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका को बढ़ा रही है।