सिरोही स्थित श्री आशापुरा माता जी टेकरी में आषाढ़ कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि पर रविवार को पौधारोपण किया गया। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान भगवान विष्णु के पवित्र मंत्र "ॐ नमो नारायणाय" का सामूहिक जप किया गया। रोपे गए पौधों की विधिवत पूजा कर उन्हें जल भी अर्पित किया गया। यह कार्यक्रम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष की देखरेख में संपन्न हुआ। इसमें नीम, आम और बेलपत्र जैसे विभिन्न छायादार एवं धार्मिक महत्व के पौधे लगाए गए। आयुष नर्सेज महासंघ राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष और योग शिक्षक ललित मेघवाल (सुमेरपुर) ने इन पौधों को उपलब्ध कराया और उनके रोपण में सहयोग किया। इस अवसर पर ललित मेघवाल ने पौधों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा, "वृक्ष ही साक्षात देवता हैं। ये हमें प्राणवायु, छाया, फल, औषधि, वर्षा, शुद्ध वातावरण और जीवन के लिए आवश्यक अनेक अमूल्य उपहार प्रदान करते हैं।" पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प मेघवाल ने आगे कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर उनकी सेवा और संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और सदस्यों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आश्वासन दिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और वृक्षों को धरती का अमूल्य धन बताते हुए उनके संरक्षण का आह्वान किया। इस दौरान पर्यावरण प्रेमी दुर्गा कुमारी, शोगाराम माली, टीकाराम प्रजापत, भवरसिंह सहित अन्य संस्था सदस्य, श्रद्धालु और लोग मौजूद रहे।