सिरोही जिला मुख्यालय पर सोमवार को महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, सिरोही (संचालित संस्था-ड्रीम पावर सोसाइटी, भीलवाड़ा) द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विधिक सलाहकार एडवोकेट कपिला कंवर ने महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम और महिलाओं के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा की स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। सामाजिक सलाहकार कैलाश कंवर ने महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा, विभिन्न सरकारी योजनाओं, सहायता केंद्रों और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं को सामाजिक स्तर पर अपनी स्थिति सुधारने, आत्मनिर्भर बनने और समाज में सुरक्षित माहौल बनाने के लिए जागरूक किया। इस दौरान हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध कराए गए और उनके सदुपयोग के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा पूछे गए कई प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर भी दिए गए।