बालोतरा जिले के गिड़ा में श्री क्षत्रिय युवक संघ बायतु प्रांत ने महाराणा प्रताप जयंती समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और सर्वसमाज के लोग उपस्थित रहे। महाराणा प्रताप के जीवन के बारे में बताया समारोह को संबोधित करते हुए श्री क्षत्रिय युवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक चंदनसिंह चांदेसरा ने महाराणा प्रताप को मातृभूमि की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए सर्वस्व समर्पित करने वाला अद्वितीय योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि प्रताप ने वीरता से शत्रुओं का सामना करने के साथ-साथ समाज को एकजुट कर राष्ट्रीय भावना को भी मजबूत किया। चांदेसरा ने बताया कि महाराणा प्रताप की सेना में आदिवासी और मुस्लिम सहित सभी समुदायों का प्रतिनिधित्व था। इस कारण वे केवल युद्धनायक ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता के भी प्रतीक थे। सिवाना विधायक ने की जीवन से सीख लेने की अपील सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने युवाओं से महाराणा प्रताप के प्रेरणादायी जीवन से सीख लेने का आह्वान किया। वरिष्ठ भाजपा नेता बाला राम मूढ ने इस कार्यक्रम को सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया, क्योंकि इसमें सभी जाति और समुदाय के लोगों को आमंत्रित किया गया था। संघ के स्वयंसेवक राजेन्द्र सिंह भियाड़ ने महाराणा प्रताप के जीवन के प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया के वैमनस्यपूर्ण दुरुपयोग से बचने और उसका संयमित, सकारात्मक तथा विवेकपूर्ण उपयोग करने का संदेश दिया। जीवन पर प्रकाश डाला कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ के साथ हुआ। भूपेंद्र सिंह कालेवा ने महाराणा प्रताप के जीवन परिचय पर विस्तार से प्रकाश डाला। परेऊ महंत ओंकार भारती जी ने समारोह में आशीर्वचन प्रदान किए। ये रहे मौजूद इस अवसर पर पूर्व प्रधान टीकूराम लेगा, लक्ष्मणराम डेलू, पर्वत सिंह परेऊ, धन सिंह लापूंदड़ा, फलोदी तहसीलदार विशन सिंह चांदेसरा, नकत सिंह कालेवा, गणपत सिंह डाबड़, भवानीसिंह टापरा, देवीसिंह सिसोदिया, हरिसिंह उमरलाई, नरपतराम जाखड़, ओमप्रकाश सुथार जाजवा, अनिल कुमार बिजारणियां और अशोकसिंह मलवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संघ के बालोतरा संभाग प्रमुख मूलसिंह काठाडी और गोविंद सिंह गुगड़ी ने किया।