सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) के ईएनटी विंग में न्यूरोऑटोलोजी लैब समेत अन्य दूसरी लैब, आधुनिक मशीनों का आज स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने लोकार्पण किया। इन लैब के शुरू होने और नई मशीनरी लगने से मरीजों को आधुनिक स्तर का ट्रीटमेंट मिलेगा। इस मौके पर एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि 800 वर्ग फीट क्षेत्र में 10 स्टेशनों वाला आधुनिक स्किल लैब स्थापित की है, जहां रेजिडेंट डॉक्टरों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, वर्टिगो जैसे रोगों के समग्र उपचार के लिए न्यूरो-ऑटोलॉजी लैब भी विकसित की है। इस लैब में उन मरीजों की जांच हो सकेगी, जो ईएनटी से जुड़ी किसी न किसी गंभीर बीमारी के कारण बार-बार बेहोश होते है। ईएनटी के एचओडी डॉ. पवन सिंघल ने बताया कि विभाग में अत्याधुनिक कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन थिएटर की स्थापना की गई है, जहां जटिल कान सर्जरी एवं श्रवण क्षमता बहाली से संबंधित ऑपरेशन किए जाएंगे। इसके अलावा ओपीडी और ओटी ब्लॉक का नवीनीकरण किया है। उन्होंने बताया- इस आधुनिक ईएनटी विभाग को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आधुनिक चिकित्सा सेवाओं एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।