शहर में पहले से 72 घंटे के अंतराल पर हो रही जलापूर्ति अब कई कॉलोनियों में 80 घंटे तक पहुंच गई है। बीसलपुर की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज और बिजली ट्रिपिंग से सप्लाई बार-बार प्रभावित हो रही है। शनिवार से सोमवार तक तकनीकी गड़बड़ियों के कारण अजमेर के कई इलाकों में पानी नहीं पहुंचा। जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता भुवनेश्वर अग्निहोत्री के अनुसार, मंगलवार से सप्लाई सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। बीसलपुर-अजमेर परियोजना की 1500 एमएम पीएससीसी पाइपलाइन में थड़ौली पंप हाउस के पास शनिवार दोपहर 1 बजे लीकेज मिला। मरम्मत के लिए दोपहर 1:15 बजे लिया गया शटडाउन सोमवार सुबह 4:15 बजे खत्म हुआ। इस दौरान पांच जगह लीकेज ठीक किए गए। इसके बावजूद शनिवार को 35 एमएलडी और 25 अक्टूबर को 76 एमएलडी पानी की आपूर्ति कम हुई। दो दिन में कुल 111 एमएलडी पानी कम मिला। इसका असर अजमेर के अलावा ब्यावर, किशनगढ़ और नसीराबाद के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों पर भी पड़ा।