जयपुर में बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा इन दिनों अपनी वेबसीरीज की शूटिंग कर रही हैं। जयपुर के चौमूं क्षेत्र में वेबसीरीज ‘दहाड़’ के दूसरे सीजन की बुधवार को शूटिंग हुई। इस सीरीज के कुछ अहम सीन फिल्माए गए, जहां सोनाक्षी सिन्हा एक अपराधी का पीछा करते हुए डायग्नोस्टिक सेंटर तक पहुंच गईं। शूटिंग के दौरान फिल्माए गए दृश्य में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही सोनाक्षी संदिग्ध लोगों से पूछताछ करती और मामले से जुड़े सुराग तलाशती दिखाई दीं। इस दौरान पूरे इलाके में शूटिंग को लेकर उत्साह का माहौल रहा। सोनाक्षी को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ सड़क पर एकत्र हो गई। ब्रेक के दौरान लोगों का किया अभिवादन शूटिंग के बीच ब्रेक मिलने पर सोनाक्षी सिन्हा ने वहां मौजूद प्रशंसकों काे हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उनके साथ तस्वीरें लेने और एक झलक पाने के लिए लोग उत्साहित नजर आए। थोड़ी देर रुकने के बाद सोनाक्षी अपनी टीम के साथ होटल के लिए रवाना हो गईं। गौरतलब है कि वेबसीरीज ‘दहाड़’ के पहले सीजन की शूटिंग भी राजस्थान के कई इलाकों में की गई थी, जिसे दर्शकों ने पसंद किया था। अब इसके दूसरे सीजन के लिए भी जयपुर और आसपास की लोकेशनों को चुना गया है। पिछले कुछ महीनों से सोनाक्षी सिन्हा और पूरी टीम यहां अलग-अलग लोकेशनों पर शूटिंग कर रही हैं। दमदार टीम के साथ बन रही वेबसीरीज क्राइम थ्रिलर वेबसीरीज का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक रीमा कागती और रुचिका ओबेरॉय कर रही हैं। वहीं सीरीज निर्माता जोया अख्तर और रीमा कागती हैं, जो अपनी प्रोडक्शन कंपनी टाइगर बेबी फिल्म्स के तहत इस प्रोजेक्ट को बना रही हैं। सीरीज में सोनाक्षी सिन्हा के साथ कई चर्चित कलाकार भी नजर आएंगे। इनमें विजय वर्मा, गुलशन देवैया, सोहम शाह जैसे कलाकार शामिल हैं। सीरीज में सोनाक्षी सिन्हा एक सख्त और ईमानदार पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं, जो अपराधियों का पीछा करते हुए कई रहस्यों से पर्दा उठाती हैं। क्राइम, सस्पेंस और ड्रामा से भरपूर इस वेबसीरीज के दूसरे सीजन को लेकर दर्शकों में भी काफी उत्सुकता है। ये खबरें भी पढ़ें... सोनाक्षी सिन्हा पांच साल बाद राजस्थान में कर रही शूटिंग:वेब सीरीज ‘दहाड़-2’ में बनी पुलिस अधिकारी, जयपुर के वैशाली नगर में अपराधी की तलाश में पहुंची एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी चर्चित वेब सीरीज ‘दहाड़’ के दूसरे सीजन की शूटिंग करीब 2 महीने पहले शुरू की थी। जयपुर की अलग-अलग लोकेशनों पर सीरीज की शूटिंग चली। जहां सोनाक्षी अपनी टीम के साथ एक बड़े अपराध की जांच करती नजर आईं। (पूरी खबर पढ़ें) सोनाक्षी सिन्हा बदमाशों का पीछा करते हुए पहुंची शाहपुरा:अपराधियों के साथ मुठभेड़ करती दिखीं, ‘दहाड़ सीजन-2’ की जयपुर में चल रही शूटिंग जयपुर के शाहपुरा के राडावास गांव में 'दहाड़' सीरीज के दूसरे सीजन की शूटिंग हुई। इस सीरीज में बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा मुख्य भूमिका निभा रही हैं। सोनाक्षी सिन्हा पिछले कई दिनों से जयपुर के विभिन्न इलाकों में अलग-अलग लोकेशनों पर शूटिंग कर रही हैं। शूटिंग के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। (पूरी खबर पढ़ें)