जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने सोमवार को जिले के सभी थानाधिकारियों, वृत्त अधिकारियों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग की। इस बैठक में जिले की कानून व्यवस्था और अपराध की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही थानाधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी मनीष कुमार ने बैठक के दौरान सबसे पहले थानेवार दर्ज मामलों की समीक्षा की और लंबित मामलों को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनडीपीएस, आबकारी अधिनियम और अवैध शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने जघन्य अपराधों के मामलों में त्वरित अनुसंधान कर उनके शीघ्र निस्तारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसे आगामी दिनों में प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। बैठक में पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थानाधिकारियों को वांछित अपराधियों को चिन्हित कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 'ऑपरेशन म्यूल हंटर' और 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' जैसे अभियानों की समीक्षा की गई। डूंगरपुर जिला पुलिस के विभिन्न ऑपरेशनों पर भी समय-समय पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराध मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने और आमजन में विश्वास बनाए रखने की हिदायत दी।