चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को रावतभाटा का व्यापक दौरा कर कानून-व्यवस्था, पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इससे पहले रविवार देर रात उन्होंने भैंसरोड़गढ़ थाने का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद सिविल ड्रेस में बाइक पर सवार होकर रावतभाटा शहर के ओल्ड बाजार से चारभुजा क्षेत्र तक रात्रिकालीन गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके इस अचानक निरीक्षण से पुलिस महकमे में भी हलचल रही। सोमवार सुबह एसपी धर्मेंद्र सिंह ने रावतभाटा परमाणु बिजलीघर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने रावतभाटा थाने का निरीक्षण करते हुए मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, रिकॉर्ड रूम और अन्य शाखाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से संवाद कर कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। स्टाफ की कमी और थाना भवन की जरूरतों पर होगा काम निरीक्षण के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी ने कहा कि रावतभाटा और भैंसरोड़गढ़ थानों के निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदु सामने आए हैं। रात्रिकालीन भ्रमण के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था का भी आकलन किया गया। उन्होंने बताया कि सभी मुद्दों का विश्लेषण कर प्राथमिकताएं तय की जाएंगी और चरणबद्ध कार्ययोजना के तहत आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने माना कि रावतभाटा थाने में स्टाफ की कमी महसूस की गई है। इसके अलावा थाना भवन से जुड़ी आवश्यकताओं पर भी प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। मजदूरों के शोषण की शिकायतों की होगी जांच एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रावतभाटा परमाणु बिजलीघर और अन्य औद्योगिक इकाइयों में ठेकेदारों द्वारा मजदूरों के कथित शोषण की शिकायतें सामने आई हैं। इन मामलों में तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रमिक के साथ अन्याय होने पर पुलिस आवश्यक कदम उठाएगी। नशा कारोबारियों को सख्त चेतावनी प्रेसवार्ता के दौरान एसपी ने नशे के कारोबार में लिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति इस अवैध गतिविधि में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह हिंगड़, डीएसपी शंकरलाल मीणा, रावतभाटा थाना प्रभारी संजीव स्वामी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।